रात में सड़कों पर उतरी पुलिस, बिष्टुपुर में बढ़ाई गई गश्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने रात्रि गश्ती तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात विभिन्न इलाकों में व्यापक गश्त की।
पुलिस टीम ने मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों, बाजार, गली-मोहल्लों और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ कई स्थानों पर वाहनों की जांच भी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात्रि गश्ती का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को लगातार सक्रिय रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

