लखनऊ मंडल में 15 महिला ट्रैकमेंटेनर्स का कैडर परिवर्तन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन ने महिला रेलकर्मियों के कार्य वातावरण को बेहतर बनाने के लिए इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत 15 पात्र महिला ट्रैकमेंटेनर्स (लेवल-1) का कैडर परिवर्तन किया है। इससे उन्हें कठिन एवं विषम परिस्थितियों में किए जाने वाले ट्रैक अनुरक्षण कार्य से राहत मिलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की पहल पर कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता और पात्रता के आधार पर उन्हें अपेक्षाकृत सुरक्षित व सुगम कार्य वाले विभिन्न विभागों में पदस्थापित किया गया है। इनमें सहायक परिचालन, प्वाइंट्समैन-बी, सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार, सहायक कैरिज एवं वैगन तथा सहायक टीएल एवं एसी के पद शामिल हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार ट्रैक अनुरक्षण कार्य में धूप, बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में शारीरिक श्रम करना पड़ता है। कैडर परिवर्तन से महिला कर्मचारियों को अपेक्षाकृत अनुकूल कार्य वातावरण मिलेगा। रेल प्रशासन ने इसे महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

