अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा, 12 वाहन पकड़े
*एक माह में 13.45 लाख रुपये की वसूली, संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट लगाने का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने को लेकर शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने बताया कि 22 अगस्त से 25 सितंबर तक अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई में 12 वाहन पकड़े गए। इनमें एक ट्रैक्टर, छह हाइवा, तीन 407 वाहन और दो ईचर शामिल हैं। कार्रवाई में करीब 3000 सीएफटी बालू दर्ज की गई तथा 13.45 लाख रुपये की राशि वसूली गई। इस मामले में एक प्राथमिकी/शिकायत भी दर्ज की गई।
उपायुक्त ने संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित कर संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी और थाना प्रभारियों को नियमित सघन जांच तथा जरूरत के अनुसार संयुक्त छापेमारी करने को कहा गया। वर्षाकाल में नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया।

