
पेड़ से टकराई पटना से हसनपुर-बिथान जा रही बस, दर्जनभर से अधिक यात्री घायल
बारिश के कारण सड़क पर झुका था शीशम का पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात
घटना एस एच 55 तारा चौक से नरहन जानेवाली मुख्य सड़क पर मोहना बांध के निकट की।
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के एस एच- 55 तारा चौक से नरहन जाने वाली मुख्य सड़क में मोहना बांध के समीप शुक्रवार की देर रात पटना से हसनपुर-बिथान जा रही एक बस सड़क किनारे झुके शीशम के पेड़ से टकरा गयी. हादसे में बस में सवार दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गये. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी. घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाना की 112 नंबर पुलिस टीम के पुअनि मदन कुमार, सीएचसी के एएमटी अजय कुमार एवं एंबुलेंस चालक जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर लाया गया. वहीं कुछ घायल यात्री बेहतर इलाज के लिए रोसड़ा चले गये. घटना की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार, एसआई प्रवीण कुमार एवं पीटीसी भैरव प्रताप पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और घायलों से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली. हादसे में छौड़ाही थाना क्षेत्र के बरदाहा निवासी प्रमोद झा के 44 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार, दौलतपुर नवटोलिया निवासी स्वर्गीय सत्तार के 65 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जटहु, उनकी 50 वर्षीय पत्नी मदीना खातून, पुत्र मोहम्मद सजमत तथा मोहम्मद मेराज की 25 वर्षीय पत्नी गुलशन खातून सहित अन्य यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली है. बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे लगा शीशम का पेड़ झुककर सड़क की ओर आ गया था. इसी दौरान एक कार चालक ओवरटेक कर निकल गया, जबकि बस चालक को सड़क पर झुका पेड़ दिखाई नहीं दिया. इसके बाद बस पेड़ से जा टकरायी. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में करीब आधा दर्जन यात्रियों को गंभीर चोटें आयी है. हादसे के बाद सड़क पर लोगों एवं राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा. बाद में वनरक्षी अन्नु कुमारी, अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क पर झुके शीशम के पेड़ को कटवाया गया. पेड़ हटने के बाद यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया. हादसे के बाद बस चालक और खलासी मौके से निकल गये. स्थानीय लोगों ने बताया कि तारा चौक से फफौत जानेवाली मुख्य पथ में कुछ हिस्सों में सड़क का पूर्ण चौड़ीकरण नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है. इस कारण यहां अक्सर छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है. लोगों ने सड़क के इस हिस्से का चौड़ीकरण कराने तथा सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में झुके पेड़ों को हटाने की मांग की है.


