मंदिरों में गूंजे शंख-मंत्र, भक्तों ने बांधा अनंत धागा
*गम्हरिया में श्रद्धा के साथ मनाई गई अनंत चतुर्दशी, विष्णु पूजन के बाद बंटा महाप्रसाद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का माहौल भक्तिमय रहा। सुबह होते ही विभिन्न मंदिरों के पट खुलने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु के अनंत स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की और अनंत चतुर्दशी की कथा सुनी।
मंदिरों में दिनभर पूजा-अनुष्ठान का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान को खीरे में रक्षा सूत्र बांधकर कच्चे दूध में डुबोकर अर्पित किया। इसके बाद पंडितों ने श्रद्धालुओं की कलाई पर अनंत धागा बांधा। धार्मिक मान्यता के अनुसार अनंत सूत्र भगवान विष्णु के असीम और अविनाशी स्वरूप का प्रतीक है तथा इसे धारण करने से जीवन की बाधाएं दूर होने और पुण्य फल मिलने की मान्यता है।
पूजा के लिए कई मंदिरों में श्रद्धालु कतार में खड़े नजर आए। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने भगवान विष्णु से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

