गोलमुरी में चोरों का आतंक, बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन आपराधिक घटना सामने आने से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। केनरा बैंक में हुई डकैती के 24 घंटे के भीतर गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी में चोरों ने सेंधमारी कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
दुकान संचालक जगत जीवन राज के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे और मरम्मत के लिए रखे कीमती आभूषणों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पर वेंटिलेटर टूटा और सामान बिखरा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बैंक डकैती के अगले ही दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत है और पुलिस पर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।

