कम फॉर्म-6 प्रविष्टि वाले मतदान केंद्रों की डीसी ने की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में कम संख्या में फॉर्म-6 प्रविष्टि वाले मतदान केंद्रों की समीक्षा की। बैठक में घाटशिला, पोटका एवं जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के संबंधित मतदान केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने बीएलओ, सुपरवाइजर, ऑपरेटर, एईआरओ एवं ईआरओ से मतदान केंद्रवार फॉर्म-6 की स्थिति, प्राप्त आवेदनों और मतदाताओं से संपर्क की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने प्राप्त आवेदनों की जांच और प्रक्रिया को निर्धारित प्रावधानों के तहत समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

