सिदपा गांव में हंगामे को लेकर दो केस दर्ज, 42 नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात आरोपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में महिला के घर में मुस्लिम युवक के मौजूद होने को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। महिला के बयान पर पांच नामजद समेत चार दर्जन अज्ञात, जबकि सीओ गौरव राय के बयान पर 40 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला ने अपने आवेदन में बताया कि मो. शाहबाज उसके ससुर से पैसे के लेनदेन को लेकर घर आया था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने दोनों के आपत्तिजनक स्थिति में होने का आरोप लगाकर भीड़ जुटा ली और घर के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। सीओ के आवेदन में कहा गया की दोनों को पुलिस अभिरक्षा में ले जाने के दौरान भीड़ ने पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए और वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
