ठेकेदार की लापरवाही से लोगों में आक्रोश, दुर्गापूजा से पहले सड़क दुरुस्त करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। इचड़ा से राखा कॉपर तक 33 केवी अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। सड़क किनारे जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए न बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड व रात में इंडिकेटर लाइट की व्यवस्था है।
रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कारें गड्ढे में फंस गईं। पहली घटना पुराने पेट्रोल पंप के सामने और दूसरी जादूगोड़ा मोड़ चौक स्थित पूजा पंडाल के समीप हुई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों वाहनों को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर मिट्टी और पाइप के ढेर पड़े हैं तथा पार्किंग क्षेत्र पर भी निर्माण सामग्री का कब्जा है। इससे पैदल चलना और वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। दुर्गापूजा नजदीक होने से भीड़ बढ़ने की आशंका के बीच लोगों में बड़ी दुर्घटना को लेकर चिंता है।
मामले को लेकर जादूगोड़ा चेंबर ऑफ कॉमर्स और पूजा कमेटियों में आक्रोश है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द गड्ढे नहीं भरे गए तो सड़क जाम कर आंदोलन और ठेकेदार के घेराव किया जाएगा। थाने और विद्युत विभाग के जीएम से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप है।
बताया गया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से कार्य ठेकेदार विवेक सिंह करा रहे हैं। ग्राम प्रधान जुगल सिंह सरदार ने कहा कि एक माह में काम पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन तीन माह बाद भी काम अधूरा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से गड्ढे भरवाने, सड़क दुरुस्त कराने और लापरवाही की जांच कर दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।

