राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। पोटका प्रखंड के धीरोल पंचायत अंतर्गत बांगो गांव में PHH राशन कार्ड की जांच के दौरान सरकारी कर्मचारी के अपात्र होने का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि पोस्टल विभाग में कार्यरत तापस कुमार गोप के नाम वाले कार्ड से वर्षों से राशन का उठाव किया जा रहा था।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय की जांच के अनुसार सरकारी नौकरी के अलावा परिवार के पास जमीन और चार पहिया वाहन होने के कारण वह PHH कार्ड के लिए अपात्र हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्ड रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के अनुसार अब तक उठाए गए राशन की खुले बाजार दर 43 रुपये प्रति किलो के हिसाब से वसूली की जाएगी। वहीं, तापस गोप का कहना है कि राशन कार्ड उनकी मां के नाम से बना है और उन्हें सरकारी नौकरी के कारण इसकी पात्रता समाप्त होने की जानकारी नहीं थी।

