लंबित योजनाओं पर अधिकारियों को फटकार, री-टेंडर कर जल्द काम शुरू कराने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पोटका विधायक संजीव सरदार ने जमशेदपुर परिसदन में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पोटका विधानसभा क्षेत्र की लंबित सड़क योजनाओं की समीक्षा की। दो-दो वर्ष बाद भी कई सड़कों का निर्माण शुरू नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. को पोटका क्षेत्र की कई सड़क सुदृढ़ीकरण योजनाओं का काम आवंटित किया गया था, लेकिन बार-बार नोटिस के बावजूद कई जगह काम शुरू नहीं हुआ, जबकि कुछ सड़कों पर आधा-अधूरा काम कर छोड़ दिया गया। करीब 11.14 करोड़ और 16.52 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क योजनाएं भी लंबे समय से लंबित हैं। वहीं मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. को आवंटित रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा तथा कुदादा-छोटा तलसा सड़क का काम भी नोटिस के बावजूद शुरू नहीं हुआ।
विभाग ने दोनों लापरवाह संवेदकों को डिबार करने की अनुशंसा की है। विधायक ने लंबित योजनाओं का री-टेंडर कर शीघ्र निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता के विकास कार्यों में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बॉक्स
पोटका में तीन नई सड़कों का जल्द होगा भूमिपूजन
बैठक में क्षेत्र के लिए अच्छी खबर भी सामने आई। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन महत्वपूर्ण सड़कों का जल्द भूमिपूजन कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। इनमें गंभीरकोचा-जोजोगोड़ा (3.3 किमी, ₹3.29 करोड़), हल्दीपोखर चौक-मुस्लिम बस्ती-हेंसल सीमा (2.1 किमी, ₹1.22 करोड़) और दीगरसाईं-पोडसागोड़ा (1.85 किमी, ₹1.68 करोड़) सड़क शामिल हैं।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है और सड़क, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य जारी हैं

