राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गम्हरिया थाना पुलिस ने आर्का जैन कॉलेज मार्ग से दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान पुलिस निरीक्षक अभय कुमार के नेतृत्व में टीम ने तेज गति से बाइक से गुजर रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में जीवनपुर निवासी मोहम्मद कलीम खान के पास से नौ ग्राम तथा कोलाबीरा निवासी प्रदीप महतो के पास से तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

