पूर्वी सिंहभूम में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दर्ज होंगे दावा-आपत्ति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची मंगलवार को प्रकाशित कर दी गई। समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 15,11,805 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला तथा 66 तृतीय लिंग मतदाता हैं। वहीं 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1,922 से बढ़कर 2,183 हो गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची का अवलोकन कर समय सीमा के भीतर आवश्यक दावा या आपत्ति दर्ज कराने तथा विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

