श्रावण मास की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भोलेबाबा के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। पवित्र श्रावण माह की पहली सोमवारी पर गम्हरिया, कांड्रा समेत आसपास के क्षेत्रों में स्थित सभी शिवालयों पर आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा भोले का रुद्राभिषेक कर विधि विधान से उनकी पूजा कर जलाभिषेक किया। इस मौके पर गम्हरिया के बोलायडीह, प्रखंड परिसर, बड़ा गम्हरिया बस्ती, सतवाहिनी, दुर्गापूजा मैदान, उषा मोड़, टायो कॉलोनी, कांड्रा एसकेजी कॉलोनी, कांड्रा बाजार, घोड़ाबाबा मंदिर परिसर, शिवपुरी कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर स्थित शिवालयों में प्रात:काल से ही भक्त श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस दौरान बाबा भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। कई शिवालयों में श्रद्धालुओ की लंबी कतारें लगी रही। चारों दिशाएं भोलेबाबा के भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। इधर, श्रावण मास की प्रथम सोमवारी पर कई मंदिर कमेटियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर सोमवार को दिनभर मंदिरों में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

