मानगो-उलीडीह में नौ दुकानों में चोरी के विरोध में जदयू ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो और उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात नौ दुकानों में हुई चोरी की घटना को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उलीडीह थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले का शीघ्र खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए नकद व सामान की बरामदगी की मांग की। जदयू नेताओं ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना और भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है। साथ ही बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन किया जाएगा।

