राष्ट्र संवाद संवाददाता
ऑल इंडिया कांग्रेस के प्रभारी राहुल बाल ने गम्हरिया प्रखंड के कई बूथों का दौरा कर जिले में चल रहे एसआईआर अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के सभी बीएलए से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बूथों का भ्रमण करने के बाद उन्होंने गम्हरिया के अंबेडकर नगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर और उनकी टीम की सराहना करते हुए जिले में पार्टी संगठन को और मजबूत करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी बीएलए को एसआईआर प्रक्रिया में पूरी जिम्मेदारी के साथ भाग लेकर यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र मतदाता इसमें छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों तक पहुंचेंगे और अंतिम व्यक्ति तक इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। तत्पश्चात, अंबेडकर नगर स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर उन्होंने एसआईआर अभियान के दौरान बीएलओ को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कम समय में अधिक कार्य दिए जाने से बीएलओ पर अत्यधिक दबाव है। कई बीएलओ को देर रात तक काम करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भोजन और आराम का भी पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह का कार्य दबाव भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव में अभी तीन वर्ष शेष है। अत: चुनाव आयोग को यहाँ एसआईआर करने में जल्दबाजी क्यों है। उन्होंने इस अभियान की अवधि और तीन माह बढ़ाने की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त से किया है ताकि अधिक से अधिक लोगों का एसआईआर हो सके। प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया में हाल ही में किए गए बदलावों के कारण बीएलओ के साथ-साथ आम लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। राहुल बाल ने मांग की कि बीएलओ को बेहतर कार्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उनके लिए कलर जैकेट, थर्मस, रेनकोट तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस मांग को कांग्रेस पार्टी दिल्ली स्तर तक उठाएगी, ताकि बीएलओ को बेहतर माहौल में कार्य करने का अवसर मिल सके। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राज बागची, महासचिव राजू रजक, प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

