राष्ट्र संवाद संवाददाता सुनील शर्मा
जमशेदपुर के पूर्व खेल शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल उद्घोषक श्याम कुमार शर्मा को खेल, शिक्षा, समाजसेवा और युवा प्रतिभाओं के विकास में लगभग चार दशकों तक दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली-एनसीआर स्थित फरीदाबाद के द कैसल ऑफ आर्ट थिएटर में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। एमबीआर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्व स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं न्यूयॉर्क रेड क्रॉस से जुड़े डॉ. राजेंद्र सैनी तथा फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. सी.पी. यादव ने संयुक्त रूप से उन्हें शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मानद डॉक्टरेट उपाधि प्रदान की। सम्मान ग्रहण करते हुए श्याम कुमार शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सैकड़ों विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है, जिन्हें उन्होंने वर्षों तक प्रशिक्षित किया है। उन्होंने इस सम्मान को समाज और युवा पीढ़ी के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा बताया तथा अपने परिवार, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में देशभर से आए 52 शिक्षाविदों, समाजसेवियों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। करीब चार घंटे तक चले इस गरिमामय कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा और बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।

