जमशेदपुर मंडल कारा में डीसी और एसएसपी की अगुवाई में औचक छापेमारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 23 नवंबर। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को जमशेदपुर मंडल कारा में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ की गई इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक (नगर एवं ग्रामीण), अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल रहे।
छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जांच करना था। साथ ही जेल परिसर के भीतर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों और प्रतिबंधित सामान के इस्तेमाल पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

इस दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की गई। बंदियों के सामान और उनके उपयोग में आने वाली वस्तुओं की भी तलाशी ली गई। इसके अलावा जेल परिसर के संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।

