राष्ट्र संवाद संवाददाता
कपाली नगर परिषद क्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं को रखे जाने की गुप्त सूचना पर प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। जिला स्तर पर गठित टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में कई स्थानों पर छापेमारी की। अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश, पुलिस इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी घीरंजन कुमार शामिल रहे।
छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध स्थानों की जांच की गई और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार एवं पशु तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि मंगलवार को गौसनगर इलाके में कथित रूप से अवैध गो तस्करी एवं कटाई की मंशा से गोवंशीय पशुओं को रखे जाने की सूचना पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। मौके पर मौजूद पत्रकारों एवं गो सेवा से जुड़े लोगों ने अनहोनी की आशंका को देखते हुए वहां से हटना उचित समझा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पूरे मामले में राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई को कमजोर करने की कोशिश की गई। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जाता है कि 15 मई 2026 को तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी विकाश राय के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के करीब दो दर्जन अवैध बूचड़खानों में जांच अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान एक बूचड़खाना लाइसेंसी बताया गया, लेकिन नगर परिषद प्रबंधन की ओर से लाइसेंस जारी नहीं किए जाने की बात कही गई थी। मामला फिलहाल जांच के अधीन बताया जा रहा है।

