राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल रेलवे स्टेशन का रांची सांसद सह केंद्रीय सुरक्षा मंत्री संजय सेठ ने बुधवार को अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मंत्री के आगमन को लेकर स्टेशन परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई थी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन पितकी रेलवे ओवरब्रिज, टिकट काउंटर, यात्री विश्रामगार तथा प्लेटफॉर्म पर चल रहे विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन मास्टर विष्णु तांती, रेलवे अधिकारी एवं आरपीएफ प्रभारी ने उन्हें कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री संजय सेठ ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत चांडिल समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से चल रहा है और जुलाई माह तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन में लिफ्ट, आधुनिक शौचालय, यात्री विश्रामगार, टिकट काउंटर समेत कई नई सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक कार्य पूर्ण होने के बाद स्टेशन का उद्घाटन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छोटे-छोटे रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प हुआ है।
इस दौरान उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारियों को समय पर वेतन देने में सक्षम नहीं है। आने वाले तीन महीनों में सरकार आर्थिक संकट में घिर जाएगी।
मौके पर जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, सारथी महतो, खुदी सिंह सरदार, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, विशाल चौधरी, दिवाकर सिंह तथा उप प्रमुख रामकृष्ण महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।

