कर्मा महोत्सव सामाजिक समरसता, संस्कृति एवं समाज की एकता का सशक्त प्रतीक : पूर्णिमा साहू
राष्ट्र संवाद संवादाता
संगठित समाज ही विकास और संस्कार की सबसे बड़ी शक्ति : दिनेश कुमार
तेली साहू समाज, गोलमुरी क्षेत्र द्वारा सी.पी. समिति विद्यालय सभागार, केबुल बस्ती में कर्मा महोत्सव सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी श्री दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों अतिथियों ने विधायक पूर्णिका साहू और भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुकर ने माता कर्मा एवं माता राजिम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर हाल ही में दिवंगत हुई पंडवानी की सुप्रसिद्ध लोकगायिका पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके लोककला एवं भारतीय संस्कृति के प्रति अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। तत्पश्चात समाज के बच्चों एवं युवाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू ने कहा कि कर्मा महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और समाज की एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है।
विशिष्ट अतिथि श्री दिनेश कुमार ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है। समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सेवा और आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारा, आत्मीयता और संगठन की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
समारोह के दौरान तेली साहू समाज, गोलमुरी क्षेत्र के अध्यक्ष श्री खेमलाल साहू एवं महामंत्री श्री गिरधारी साहू ने साकची, सोनारी एवं जुगसलाई क्षेत्र से आए समाज के पुरुष एवं महिला पदाधिकारियों का अंगवस्त्र पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ी समाज द्वारा कर्मा महोत्सव सह मिलन समारोह का आयोजन प्रत्येक वर्ष बड़े उत्साह एवं भव्यता के साथ किया जाता है, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव मनाते हैं।
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में हेमा साहू, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मनमोहन लाल साहू, केंद्रीय महामंत्री रामनरेश साहू, महिला अध्यक्ष जया साहू, खेमलाल चौधरी एवं गंगा प्रसाद साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र की महिला उपाध्यक्ष श्रीमती नीतू साहू ने किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, महिला एवं युवा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मणिलाल साहू, रेखा साहू, रत्ना साहू, रानी साहू, सत्येंद्र साहू, धर्मेंद्र साहू, दिनेश साहू, राखी साहू, रेमन कुमार, संतोष साहू, कामेश्वर साहू, टिंकू साहू, उमेश साहू एवं विनय साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

