राष्ट्र संवाद संवाददाता
प्रखंड के छोटा गम्हरिया स्थित वात्सल्य बालिका गृह से बीते मंगलवार की देर शाम दीवार फांदकर दो बच्चियों के फरार होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। लापता हुई बच्चियां पटमदा और कुचाई के दलभंगा की रहने वाली बताई गई है। इस बावत जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष ठाकुर द्वारा गम्हरिया थाना में सनहा दर्ज कराई गई है। बच्चियों के लापता होने की सूचना के बाद बीते मंगलवार की देर रात तक एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कई जगहों पर उसकी तलाश की गई। समाचार लिखे जाने तक उन बच्चियों का कुछ पता नहीं चल सका है। वहीं, इस घटना के बाद वात्सल्य गृह के संचालक की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया गया है कि संचालक बच्चियों को सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं है। इस कारण इस प्रकार की वारदात हुई। फिलहाल लापता बच्चियों की तलाश जारी है और उन बच्चियों के घरों के आसपास भी रेस्क्यू की जा रही है। इधर, वात्सल्य बालिका गृह से बच्चियों के फरार होने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे है। गौरतलब है कि झारखंड राज्य बाल संरक्षण संस्थान के अंतर्गत जन सहभागी विकास केंद्र, सरायकेला द्वारा इस वात्सल्य गृह का संचालन किया जाता है।

