भीषण गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, एडवाइजरी जारी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन ने बढ़ते तापमान और संभावित हीट वेव को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मौसम विज्ञान संस्थानों द्वारा मई और जून 2026 के दौरान अत्यधिक गर्मी एवं भीषण लू की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारी और बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जारी निर्देश में कहा गया है कि आमजन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। लोगों को हल्के एवं सूती कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय छाता, टोपी और चश्मे का उपयोग करने तथा लू के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं और बाहर कार्य करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, दवाइयों एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, स्कूलों और कार्यस्थलों पर पेयजल एवं छाया की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है।

