रेल जनसंवाद में ट्रेनों की लेटलतीफी पर घिरे रेल अधिकारी, जनशताब्दी फिर एक घंटे विलंब से पहुंची
*बड़बिल-चक्रधरपुर ट्रेन चालू करने, बोलानी तक यात्री ट्रेन के विस्तार और बंद शौचालय खोलने की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
बड़बिल रेलवे स्टेशन के सभागार में आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और बार-बार रद्द होने का मुद्दा छाया रहा। समाजसेवियों ने हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के घंटों विलंब से चलने पर सवाल उठाए। हालांकि, इन सवालों पर रेल अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात सामने आई। विडंबना यह रही कि जनसंवाद के दिन भी जनशताब्दी एक्सप्रेस बड़बिल स्टेशन करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।
वरिष्ठ डीईई (टीआरडी) की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक ठक्कर, केसरी प्रसाद तिवारी, मोहम्मद आलम, दिलू स्वामी और बसंत महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे। चर्चा के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल से संचालित यात्री ट्रेनों की पिछले चार वर्षों से जारी लेटलतीफी को लेकर नाराजगी जताई गई। लोगों ने कहा कि ट्रेनों के अनियमित परिचालन और रद्द होने से यात्रियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कार्यक्रम में बड़बिल-बांसपानी रेल लिंक, बड़बिल से बोलानी तक यात्री ट्रेन का विस्तार तथा लंबे समय से बंद बड़बिल-चक्रधरपुर ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बड़बिल रेलवे स्टेशन परिसर में बंद पड़े शौचालय को फिर से चालू कर यात्रियों के लिए नियमित सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया।

