काण्ड्रा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा, ट्रेन ठहराव और अंडरपास की मांग तेज
*रेल जनसंवाद में यात्रियों ने बताईं समस्याएं, आउटर पर उतरने से हादसे का खतरा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
चक्रधरपुर रेल मंडल के ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम के तहत सीनियर डीएमएम अखिल जैन ने गुरुवार को काण्ड्रा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों से सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कोविड-19 से पूर्व की तरह मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल करने, अंडरपास बनाने और दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप की व्यवस्था करने की मांग की।
यात्रियों के अनुसार, कोविड काल में बंद किए गए कई ट्रेनों के ठहराव अब तक बहाल नहीं हुए हैं। इससे यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। ट्रेनें नहीं रुकने के कारण यात्रियों के आउटर सिग्नल या धीमी गति वाले रेलखंड पर उतरने की घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जो गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
रेल जनसंवाद में प्लेटफॉर्म संख्या एक से चार तक दिव्यांग यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए रैंप बनाने तथा स्टेशन के दोनों ओर बसी आबादी को जोड़ने के लिए अंडरपास पाथवे का निर्माण जल्द कराने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा आदित्यपुर से हटिया जाने वाली ट्रेन का प्रस्थान समय पूर्ववत करने की मांग उठी।
सदस्यों ने अपनी मांगों और सुझावों से संबंधित पत्र अधिकृत रेल कर्मचारी आकाश देव महतो को सौंपा।

