
प्रमथनगर में विसर्जन के दौरान मारपीट, दो घायल; थाना गेट पर डेढ़ घंटे सड़क जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान आतिशबाजी को लेकर पूजा कमेटी के दो गुटों में मारपीट हो गई। घटना में दो युवक घायल हो गए। विरोध में लोगों ने परसुडीह थाना के मुख्य गेट पर प्रतिमा रखकर करनडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
हलुदबनी निवासी नरेन नंदी ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। इलाज के दौरान उनके सिर पर तीन टांके लगे। सूचना पर डीएसपी अमित कुमार और ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया गया। पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदीप्तो डे राणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्हें हिरासत में लेने के बाद भाजपा नेताओं के विरोध पर छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच जारी है।

