*स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीसी सख्त
*15 दिनों में दवा व जांच किट के स्टॉक सत्यापन का निर्देश, अनुपस्थित कर्मियों पर भी होगी कार्रवाई, शून्य लॉगिन वाले डॉक्टरों के वेतन पर रोक*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सख्ती दिखाई है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने शून्य टेली-कंसल्टेशन लॉगिन वाले चिकित्सकों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने तथा बिना वैध कारण अनुपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन में नियमानुसार कटौती का निर्देश दिया। साथ ही, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवा व जांच किट के स्टॉक का सत्यापन कर 15 दिनों के भीतर संयुक्त प्रमाण-पत्र जमा करने को कहा। डीसी ने स्वास्थ्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एमओआईसी को नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने टीबी, मलेरिया और फाइलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर पूरे गांव व टोलों के परिवारों की जांच तथा चिह्नित मरीजों का समय पर उपचार सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा टीकाकरण, स्तनपान और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ग्रामीण मरीजों को टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सभागार में आयोजित बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पी.एम. बाडा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

