मोदी के बयान पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने जताई कड़ी आपत्ति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तेल की खपत कम करने, पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग तथा एक वर्ष तक सोना-आभूषण नहीं खरीदने संबंधी बयान की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और भाजपा ने देशभर में सैकड़ों रैलियां कीं, जिनमें भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल की खपत हुई। ऐसे में अब आम लोगों को ईंधन बचाने की सलाह देना दोहरा रवैया दर्शाता है।
परविंदर सिंह ने कहा कि एक वर्ष तक सोना और आभूषण नहीं खरीदने की अपील से स्वर्ण एवं आभूषण उद्योग से जुड़े लाखों कारीगरों, मजदूरों, दुकानदारों और छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना और भय पैदा करने वाला बयान बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकटों के बीच भारत की ओर से कोई प्रभावी शांति पहल नजर नहीं आ रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से देशहित, रोजगार और विश्व शांति के प्रति गंभीर एवं जिम्मेदार रवैया अपनाने की मांग की।

