राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को मानगो में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। “मानगो बांग्ला भाषी बांग्ला मंच” के तत्वावधान में यह कार्यक्रम सुभाष पार्क, डिमना रोड, मानगो में शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन को लेकर बांग्ला भाषी समाज में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में पारंपरिक बंगाली नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों द्वारा भी नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी परिवार पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अवसर पर मानगो नगर निगम की प्रथम मेयर सुधा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी, जबकि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बंग समाज के निर्वाचित वार्ड पार्षदों को भी सम्मानित किया जाएगा। अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि मानगो क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी परिवार रहते हैं और अपनी भाषा व संस्कृति को सहेजने के उद्देश्य से इस आयोजन की शुरुआत की गई थी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति ने भविष्य में रक्तदान शिविर, नशा मुक्ति अभियान, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की भी जानकारी दी।

