जामताड़ा में जेएसएलपीएस योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, महिला सशक्तिकरण पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला मुख्यालय में जेएसएलपीएस (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के गठन, उनकी सक्रियता, नए समूहों के निर्माण और वार्षिक लक्ष्यों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कार्यक्रम प्रबंधन टीम द्वारा बताया गया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से महिला किसानों के सशक्तिकरण, कृषि सखी, मिलेट्स कवरेज, लखपति किसान योजना और वन स्टॉप फैसिलिटेशन सेंटर जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही इंटरनल ऑडिट, सीएलएफ और ऋण वितरण व उसके पुनर्भुगतान की स्थिति की भी जानकारी दी गई।
बैठक में योजनाओं के पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर मिल सकें। ऋण वितरण के साथ-साथ उसके समय पर पुनर्भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके अलावा योजनाओं के प्रभाव का नियमित अनुश्रवण करने और आवश्यकतानुसार रणनीतिक बदलाव लाने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। बैठक में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

