जामताड़ा में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग, श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास तथा अग्निशमन विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति का आकलन किया गया और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों तथा प्रवासी श्रमिकों के निबंधन की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही छात्रवृत्ति, मातृत्व सुविधा, अंत्येष्टि सहायता, दुर्घटना सहायता और सेफ्टी किट जैसी योजनाओं से अधिक लाभुकों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
उद्योग विभाग के अंतर्गत पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताई गई तथा पात्र लाभुकों की पहचान कर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
नियोजन एवं कौशल विकास की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 10,958 बेरोजगार युवाओं का निबंधन हुआ है। रोजगार मेला आयोजन और कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

