राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में पुलिस ने सराहनीय सक्रियता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत 16 वर्षीय लड़की को उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया, साथ ही इस कांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ओटार पंचायत के जेना बेड़ा गांव निवासी रान्दाय सामाड ने अपनी छोटी बेटी के लापता होने की सूचना थाने में दी थी। लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय जा रही थी, तभी रास्ते में अचानक गायब हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर एसडीपीओ विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, सीडीआर और टावर लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से लड़की को बरामद कर लिया। इस दौरान अपहरण में शामिल सीतापुर जिले के इनायतपुर गांव निवासी संदीप कुमार (27) और किशोरी लाल कुईरी (40) को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में चक्रधरपुर पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

