राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों में वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति में कमी होने से उत्पादन पर इसका असर पड़ने की बात सामने आई है। इस मामले को लेकर मीरा गैस एजेंसी के प्रोपराइटर सह उद्यमी आरपी चौधरी ने संबंधित सरकारी अधिकारियों एवं विभागों को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं आयात में उत्पन्न बाधाओं के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई है। कहा कि औद्योगिक इकाइयां एलपीजी पर निर्भर हैं, जिसका उपयोग मुख्य रूप से धातु कटिंग, निर्माण कार्य, हीटिंग एवं मशीनरी रखरखाव जैसे आवश्यक औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। आपूर्ति बाधित रहने से उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे उद्योगों के संचालन एवं हजारों कर्मचारियों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। पत्र में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। उन्होंने वर्तमान परिस्थिति में एलपीजी की अवैध आपूर्ति, जमाखोरी या कालाबाजारी की संभावनाओं पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से इस पर कड़ी निगरानी रखने की अपील की है ताकि वास्तविक औद्योगिक उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कठिनाईयों का सामना करना ना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने अपने प्रतिस्पर्धियों, वितरकों एवं उद्योग जगत से जुड़े सभी सहयोगियों से धैर्य एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील किया है। उन्होंने कहा है कि इस चुनौतीपूर्ण समय में नैतिक व्यापार व्यवहार, सहयोग की भावना एवं पारदर्शिता ही उद्योग को स्थिर बनाए रख सकती है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों एवं उपभोक्ताओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि अनावश्यक अग्रिम भंडारण (स्टॉक) या घबराहट में खरीदारी से बचें, क्योंकि इससे आपूर्ति संतुलन बिगड़ सकता है और छोटे एवं आवश्यक उद्योगों को नुकसान हो सकता है।

