राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : हरियाणा में मिट्टी धंसने से हुए दर्दनाक हादसे में झारखंड के कई मजदूरों की जान चली गई। इस हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की खबर है, जिनमें पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के 6 मजदूर शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित बनगोड़ा गांव से काम के लिए गए सात मजदूरों में से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में धनंजय महतो, भागीरथ गोप, संजीत गोप उर्फ दुलाल और मंगल महतो शामिल हैं। वहीं सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ क्षेत्र के दो मजदूर शिव शंकर सिंह मुंडा (बुरुहातू) और परमेश्वर महतो (हुड़ी) की भी इस हादसे में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर टुसू पर्व के बाद काम के लिए दिल्ली गए थे, जहां से उन्हें हरियाणा ले जाया गया था। हादसे की खबर मिलते ही बनगोड़ा गांव में मातम छा गया। एक ही गांव के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला है।
परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के जमीन के अंदर काम कराया जा रहा था। उन्होंने सरकार से मृतकों के शव जल्द गांव लाने और परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है और मलबे में दबे अन्य मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

