खरकई नदी में कूदी युवती, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने बचाई जान
*तेज बहाव के बीच महिला गोताखोरों ने संभाला मोर्चा, बचाव में शामिल लोगों को सम्मानित करेगी पुलिस*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
खरकई नदी के छोटे पुल पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती नदी में कूद गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। युवती को नदी में गिरते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुल पर भीड़ जुट गई।
लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और धारा काफी तेज थी। ऐसे में स्थानीय युवकों और महिला गोताखोरों ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवती को तेज बहाव में बहने से बचाते हुए पुल के नीचे एक पिलर के पास रोक लिया गया।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल लाइफ जैकेट की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस जवानों और स्थानीय गोताखोरों ने रस्सी एवं लाइफ जैकेट की मदद से संयुक्त अभियान चलाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
थाना प्रभारी ने बचाव में शामिल स्थानीय युवकों और महिला गोताखोरों के साहस की सराहना करते हुए सभी को पुलिस प्रशासन की ओर से सम्मानित करने की घोषणा की। पुलिस युवती से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रही है।

