जामताड़ा में भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की।
बैठक के दौरान जिले में भूमि संरक्षण विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं और कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने भूमि संरक्षण पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्वयं निगरानी करें। इससे कार्यों की गुणवत्ता बनी रहेगी और योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि लंबित योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाती रहे।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

