रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर तुरी धर्म कांटा के समीप रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चाईबासा की ओर से आ रही ‘मां पार्वती’ बस (गाड़ी संख्या JH 05 BN 8920) ने एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ने युवक को साइकिल समेत करीब एक किलोमीटर तक घसीटा और तुरी लाइन होटल के पास जाकर वाहन रोका। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक साइकिल सवार बस के नीचे फंसा हुआ था। मृतक की पहचान घासी राम किस्कू के रूप में हुई है, जो तुमुग दुमुर टोला का निवासी बताया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने हाता–टाटा सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस द्वारा शव को निकालने, चालक की तलाश करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

