मानगो की सियासत में घमासान: राजकुमार श्रीवास्तव का नीरज सिंह पर तीखा प्रहार, संध्या सिंह को हराने की खुली अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव ने पार्टी नेता नीरज सिंह पर सीधा और तीखा हमला बोलते हुए आम नागरिकों से सार्वजनिक अपील कर दी। उन्होंने कहा कि यदि मानगो के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान बचाना है तो वर्तमान प्रत्याशी संध्या सिंह को चुनाव में पराजित करना आवश्यक है।
राजकुमार श्रीवास्तव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते कार्यकर्ताओं और जनता ने सच का साथ नहीं दिया तो संगठन के समर्पित लोगों के साथ-साथ आम जनता को भी परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि नीरज सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है और उन्होंने अपने जीवन के 44 वर्ष संगठन को समर्पित किए हैं। इसके विपरीत नीरज सिंह का मानगो की राजनीति में आगमन कुछ वर्षों पूर्व ही हुआ है।
पूर्व जिला अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे व्यक्ति द्वारा उन्हें राजनीति सिखाने का प्रयास करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज सिंह झूठे वादों और भ्रामक बयानों के जरिए जनता को गुमराह कर रहे हैं, जिससे संगठन की साख प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मानगो की जागरूक जनता सब देख और समझ रही है तथा आने वाला चुनाव वर्षों की निष्ठा और तपस्या की परीक्षा साबित होगा। श्रीवास्तव के इस बयान के बाद मानगो की राजनीति में बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है और चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

