मानगो नगर निगम चुनाव, सुधा गुप्ता की जीत के लिए आस्था का संकल्प, मां तारा काली मंदिर में यज्ञ–अनुष्ठान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संवाद सूत्र जागरण, जादूगोड़ा :
मानगो नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के तमाम नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक पूरे मनोयोग से जुट गए हैं। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ अब आस्था का भी सशक्त संदेश सामने आया है। इसी क्रम में जादूगोड़ा डैम स्थित मां तारा काली मंदिर में विशेष यज्ञ–अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। यह अनुष्ठान मुखी समाज विकास समिति के जिला उपाध्यक्ष सह कांग्रेसी नेता टिकी मुखी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जाने-माने पंडित–पुरोहितों की उपस्थिति रही, जहां विधि-विधान से 108 दीप प्रज्ज्वलन, हवन, मंत्रोच्चार और विशेष पूजा की गई।
विकास के लिए समर्पण उसी से जीत का भरोसा
अनुष्ठान के बाद टिकी मुखी ने कहा कि मानगो के समग्र विकास के लिए सुधा गुप्ता का समर्पण और निरंतर जनसेवा सभी के सामने है। उनके इसी समर्पण को देखकर हमने मां काली से प्रार्थना की है कि वे मानगो की जनता के हित में उनकी जीत सुनिश्चित करें, उन्होंने कहा कि जनता के बीच सुधा गुप्ता की सादगी, उपलब्धता और सेवा-भावना ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
आस्था के साथ जनसमर्थन
पूजा-अनुष्ठान में स्थानीय महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि सुधा गुप्ता को केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक समर्थन भी मिल रहा है। लोगों का कहना है कि वे ऐसे नेतृत्व के साथ खड़े हैं जो विवाद नहीं, बल्कि विकास की राजनीति करता है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि सुधा गुप्ता के नेतृत्व में रुकी हुई विकास योजनाओं को गति मिलेगी। सफाई, जलनिकासी, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा। महिलाओं और युवाओं के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों का विस्तार होगा। आस्था, संगठन और जनसमर्थन तीनों के संगम के साथ मानगो में चुनावी माहौल अब बदलाव की ओर संकेत कर रहा है।

