जुगसलाई नगर निकाय चुनाव: 22 वार्डों में 5 निर्विरोध, पिता-बेटी की एक साथ जीत बनी चर्चा का विषय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जुगसलाई। जुगसलाई नगर निकाय चुनाव को लेकर तस्वीर अब काफी हद तक साफ हो गई है। कुल 22 वार्डों में से 5 वार्ड सदस्यों का चयन निर्विरोध हुआ है। निर्विरोध चुने गए वार्ड सदस्यों को निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मनोज कुमार एवं बीडीओ सुमित प्रकाश ने विधिवत निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि एक ही परिवार से पिता और बेटी दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए। वार्ड संख्या 5 से मोहम्मद अब्बास अंसारी और वार्ड संख्या 6 से उनकी बेटी फिरदौस परवीन ने बिना मुकाबले जीत दर्ज की। इसके अलावा वार्ड संख्या 9 से सालेहा अमीर, वार्ड संख्या 10 से आमरीन परवीन और वार्ड संख्या 11 से रशीद इकबाल अंसारी उर्फ सोनू भी निर्विरोध वार्ड सदस्य चुने गए।
चुनावी प्रक्रिया के तहत वार्ड संख्या 16 से तीन प्रत्याशियों ने, जबकि वार्ड संख्या 13 और 4 से एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया है। निर्विरोध जीत ने जुगसलाई नगर निकाय चुनाव के सियासी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।

