जनता को बरगलाने की कोशिश, पर सच्चाई सब जानते हैं : नीलूफर हुसैन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गलत आरोपों पर प्रत्याशी का पलटवार, बोलीं— “मैं बाई चांस नहीं, बाई चॉइस हूं”
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नीलूफर हुसैन ने शुक्रवार को प्रेस बयान जारी कर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जनता से मिल रहे समर्थन और आशीर्वाद से अपनी जीत सुनिश्चित होती देख विरोधी बौखला गए हैं और उन्हें बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
नीलूफर हुसैन ने स्पष्ट किया कि उन्हें बीजेपी और आरएसएस के लिए काम करने का आरोप निराधार और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि उनके प्रति लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जुगसलाई की जनता सच्चाई भली-भांति जानती है।
उन्होंने कहा कि उन्हें जनता ने चुनाव में उतारा है और वह “बाई चांस नहीं, बल्कि बाई चॉइस” प्रत्याशी हैं। नीलूफर हुसैन ने आरोप लगाया कि विरोधियों को जुगसलाई की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि उन्हें सिर्फ उनके चुनाव लड़ने से परेशानी हो रही है।
प्रेस बयान में उन्होंने दो टूक कहा कि न तो वह पहले डरी थीं, न आज डरी हैं और न ही आगे डरेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से वह चुनाव जीतेंगी।

