
त्योहारी सीजन में भी हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी की लेटलतीफी बरकरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए देशभर में सैकड़ों पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस की परिचालन व्यवस्था में अब तक सुधार नहीं हुआ है। वर्षों से लेटलतीफ चल रही इस ट्रेन की देरी के साथ-साथ सप्ताह में दो से तीन दिन बड़बिल तक परिचालन रद्द होना भी आम बात हो गई है।
रेल यात्रियों का सवाल है कि जब पर्व-त्योहार के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है, तो वर्षों से चल रही इस महत्वपूर्ण ट्रेन के परिचालन में सुधार के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी गंभीरता क्यों नहीं दिखा रहे हैं।

