नाम वापसी व प्रतीक आवंटन के बाद चुनाव कार्यक्रम की जानकारी, जिला प्रशासन ने की प्रेस वार्ता
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 7 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। नाम वापसी एवं निर्वाचन प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को चुनाव कार्यक्रम और तैयारियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 6 तथा मिहिजाम नगर परिषद में 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा के 16 वार्डों में 49 तथा मिहिजाम के 20 वार्डों में 68 प्रत्याशी शेष हैं। दोनों निकायों के कुल 5 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
प्रशासन ने बताया कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी है और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी। जिले में मतदान मतपत्र व मतपेटिका से कराया जाएगा। मिहिजाम के 39 तथा जामताड़ा के 28 मतदान केंद्रों पर कुल 63,523 मतदाता मतदान करेंगे। निर्वाचन व्यय की अधिसीमा निर्धारित है और नोटा का विकल्प नहीं होगा।
जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रशासन व पुलिस ने निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

