मनरेगा बहाल करो, VB-ग्राम जी एक्ट निरस्त करो : केशव महतो कमलेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार विद्वेषपूर्ण मानसिकता के साथ कार्य कर रही है और महात्मा गांधी नरेगा को समाप्त कर ग्रामीणों के काम के अधिकार पर सीधा प्रहार किया गया है। नरेगा के स्थान पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम – VB-ग्राम जी एक्ट लागू कर ग्रामीण भारत की आजीविकाओं को कमजोर किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मांग पर 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, जिससे गरीब, दलित, आदिवासी और महिलाओं को सुरक्षा मिलती थी। नए कानून में काम की गारंटी खत्म हो गई है और बजट आधारित व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे मजदूरों को कम दिन काम मिलेगा और मजदूरी भुगतान में देरी होगी। उन्होंने कहा कि पहले मजदूर किसी भी ग्रामीण क्षेत्र में काम मांग सकते थे, लेकिन अब काम को सीमित पंचायतों तक बांध दिया गया है, जिससे कई गांव योजना से बाहर हो जाएंगे।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि नरेगा ने कृषि के कठिन मौसम में मजदूरों को सहारा दिया था, जिससे वे किसानों से उचित मजदूरी की मांग कर पाते थे, लेकिन नए कानून में बुवाई और कटाई के समय काम न मिलने का प्रावधान कर इस सुरक्षा कवच को भी समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मजदूरी को मुद्रास्फीति से जोड़ने की व्यवस्था खत्म कर दी गई है और केंद्र-राज्य के साझा वित्तपोषण से भुगतान में और अधिक देरी होगी।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामसभाएं गांव की जरूरतों के अनुसार कार्य तय करती थीं, लेकिन अब केंद्र सरकार द्वारा परियोजनाएं तय की जाएंगी और उन्हें पीएम गति शक्ति जैसी योजनाओं से जोड़कर स्थानीय प्राथमिकताओं की अनदेखी की जाएगी। बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य करने से बुजुर्ग और मेहनतकश मजदूर मजदूरी से वंचित हो सकते हैं। साथ ही, ठेकेदारों को अनुमति देकर भ्रष्टाचार का रास्ता खोल दिया गया है और गांवों के विकास की जगह बड़े कॉरपोरेट प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन बदलावों से ग्रामीण संकट और गहराएगा, पलायन बढ़ेगा, दलित और आदिवासी समाज पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा और अगली पीढ़ी की शिक्षा व भविष्य पर भी खतरा मंडराएगा। कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि महात्मा गांधी नरेगा को बहाल किया जाए और VB-ग्राम जी एक्ट को निरस्त किया जाए, ताकि ग्रामीणों का काम का अधिकार और सम्मानजनक मजदूरी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे झारखंड में भव्य आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने सभी जिला, प्रखंड, मंडल, पंचायत पदाधिकारियों, बीएलए-2 सदस्यों तथा मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों से अपने-अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा फहराने और उसकी तस्वीर संगठनात्मक कार्यालयों व सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला इकाइयों को झंडा और पर्चा उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रेस वार्ता में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा, आनंद बिहारी दुबे, खगेनचन्द्र चंद्र महतो, अवधेश सिंह, एल.बी. सिंह, बृजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, सामंत कुमार, रजनीश सिंह, फजल खान, सफी अहमद खान, आशुतोष सिंह शाहिद सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

