पेआउट कटौती के विरोध में ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह स्थित ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर्स की हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। राइडर्स ने कंपनी पर बिना सहमति पेआउट घटाने और डिलीवरी क्षेत्रों में बदलाव कर उनकी आय कम करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले प्रति डिलीवरी 55-60 रुपये मिलते थे, जिसे घटाकर 35-38 रुपये कर दिया गया है। बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के बीच इतनी कम राशि में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
राइडर्स का आरोप है कि एरिया पुनर्विभाजन से ऑर्डर कम हुए हैं, जिससे करीब 150 परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने विरोध करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स की आईडी बंद करने की धमकी और कई राइडर्स को आधिकारिक ग्रुप से हटाने का भी आरोप लगाया। राइडर्स ने पेआउट व्यवस्था बहाल करने और उनकी मांगों पर जल्द समाधान की मांग की है।

