रोटरी क्लब ने शुरू किया वर्षभर चलने वाला सड़क सुरक्षा अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने रोटरैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर सेवार्थ और रोटरैक्ट क्लब ऑफ करीम सिटी के सहयोग से शनिवार को वर्षभर चलने वाले “सुरक्षित यातायात अभियानम्” की शुरुआत करीम सिटी कॉलेज में सड़क सुरक्षा सेमिनार के साथ की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। टाटा मोटर्स के सीनियर मैनेजर रामानुज ओझा ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी, जबकि टाटा मेन हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर’ में दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। रोटरी क्लब ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से यह अभियान पूरे वर्ष विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा।

