कड़ाके की ठंड में कांग्रेस नेता राकेश तिवारी ने जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश तिवारी ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए सोनारी क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। इस मानवीय पहल से ठंड से जूझ रहे गरीब और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिली।
विदित हो कि तिवारी विगत 15 वर्षों से लगातार ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को चिन्हित कर कंबल वितरण का कार्य करते आ रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा वे पिछले 15 वर्षों से अपने सामर्थ्य के अनुसार करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना जैसी भयंकर महामारी के दौरान भी उन्होंने लगातार जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न का वितरण किया और आगे भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा।
तिवारी ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करने से उन्हें असीम मानसिक शांति मिलती है और जब तक जीवन रहेगा, यह सेवा भाव भी जारी रहेगा। कंबल वितरण कार्यक्रम में जुस्को के पूर्व अधिकारी श्री रामाधार राय, श्री शंकर लाल सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और इस सामाजिक कार्य की सराहना की।

