यूएचएस कृष्णापुर में किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: बदलाव फाउंडेशन और आईसीआरडब्ल्यू के संयुक्त तत्वावधान में जेम्स परियोजना के तहत विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए किशोरावस्था जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को किशोरावस्था के दौरान होने वाले मानसिक और शारीरिक परिवर्तनों की सही जानकारी देना था, ताकि वे इस चरण को समझदारी और आत्मविश्वास के साथ पार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान खेल, नाटक, चित्रकला एवं क्विज जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी गई। इन गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं को खुलकर सामने रखा। फील्ड फैसिलिटेटर सावित्री सोरेन ने किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी तथा बच्चों को स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के महत्व को समझाया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि सही उम्र में सही जानकारी मिलने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सामाजिक व व्यक्तिगत चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर पाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सहयोगी शिक्षक गंगाधर कर, सुकांतो, प्रवीण और गौतम सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर बच्चों को जागरूक करने की इस पहल को सार्थक बनाया।

