जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के नए भवन का विधिवत शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर शहर के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के नए भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य रूप से उपस्थित थे. समारोह के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने कोऑपरेटिव लॉ कॉलेज को एक बड़े शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की उम्मीद जताई. विधायक सरयू राय ने कहा कि वर्ष 2017 में उन्होंने ही पहली बार झारखंड सरकार को इस भवन निर्माण का प्रस्ताव दिया था. लंबे इंतजार के बाद अब यह सपना साकार होने जा रहा है और जल्द ही को-ऑपरेटिव कॉलेज विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है. उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से यह कॉलेज कोल्हान क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि नए इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के बाद छात्रों को अब कानून की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी. स्थानीय छात्रों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाओं का लाभ यहीं पर मिलेगा. झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अनुसार परियोजना की कुल लागत 24 करोड़ 22 लाख 17 हजार 202 रुपये है और निर्माण कार्य 21 महीने में पूरा किया जाएगा. इस परियोजना के वास्तुकार चड्ढा एंड एसोसिएट्स, रांची हैं जबकि ठेकेदार एम/एस आर एस अग्रवाल, रांची को जिम्मेदारी दी गई है. नए भवन से को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आएगा और कोल्हान विश्वविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी.

