जमशेदपुर: आजादनगर में चोरी का मामला फर्जी, वादी ही निकला आरोपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर आजादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विचित्र मामले का खुलासा किया है, जिसमें वादी ही स्वयं अपराधी निकला. आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक व्यक्ति ने खुद के ही घर में चोरी करके थाना में झूठी शिकायत दर्ज करा दी थी. मामला 23 नवंबर का है, जब वकार अहमद नामक व्यक्ति ने आजादनगर थाने में अपने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दी थी. आजादनगर पुलिस ने जब मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से जांच शुरू की तो कई तथ्यों में विरोधाभास मिला. गहराई से पड़ताल के बाद यह सामने आया कि कथित चोरी की घटना वकार अहमद ने खुद ही रची थी. पुलिस ने उसके पास से कई सोने के आभूषण बरामद भी कर लिए हैं. पुलिस के अनुसार वकार अहमद का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और आर्थिक तंगी तथा कर्ज के दबाव में उसने इस तरह की हरकत की. पुलिस का कहना है कि झूठी शिकायत देकर विभाग का समय और संसाधन बर्बाद करने के लिए उपयुक्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आर्थिक दबाव और सामाजिक परिस्थितियों के कारण लोग किस हद तक गलत कदम उठा सकते हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को धोखा देने की कोशिश न करें, क्योंकि सच सामने आना तय है.

